मिट्टी के कुल्हड़ बेचने वाले को मिला 1.25 करोड़ का GST नोटिस! यूपी के रायबरेली में सनसनी
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हरचंदपुर निवासी मोहम्मद सईद, जो मिट्टी के कुल्हड़ और बर्तन बनाकर प्रतिदिन मुश्किल से गुजारा करते हैं, उन्हें सरकार ने 1.25 करोड़ रुपये का जीएसटी नोटिस भेजा है। नोटिस के अनुसार, सईद पटना में स्थित चार बड़ी कंपनियों के मालिक हैं और उन्होंने करोड़ों का टैक्स बकाया रखा है।
हैरान-परेशान सईद ने बताया कि उनका दूर-दूर तक किसी बड़ी कंपनी से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने शक जताया है कि उनके खोए हुए आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर किसी ने उनके नाम पर फर्जी कंपनियां खोली हैं। कुछ साल पहले कर्ज लेने के लिए उन्होंने ये दस्तावेज बनवाए थे, जो बाद में कहीं खो गए थे।
सईद का कहना है कि वे अनपढ़ हैं, इसलिए शुरुआत में आए नोटिसों को समझ नहीं पाए। 15 फरवरी को जब दोबारा नोटिस आया और उन्होंने गांव के शिक्षित लोगों को दिखाया, तब उन्हें इस जालसाजी का पता चला। सईद ने अब जिला प्रशासन और जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की जाए ताकि वे इस मुसीबत से बाहर निकल सकें।