सात साल की जेल और एक खौफनाक राज! रिलीज हुआ राजा चंदा की सस्पेंस थ्रिलर ‘काटाकुटी 2’ का ट्रेलर
निर्देशक राजा चंदा की सुपरहिट वेब सीरीज ‘काटाकुटी’ अपने दूसरे सीजन के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘क्लिक’ (Klikk) पर वापसी कर रही है। हाल ही में इस सीरीज का ट्रेलर लॉन्च किया गया, जिसने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। ‘काटाकुटी 2’ एक गहन मनोवैज्ञानिक थ्रिलर (Psychological Thriller) है, जो मानसिक आघात, बचपन के ट्रॉमा और न्याय व्यवस्था की खामियों को उजागर करती है। पिछले सीजन की तुलना में इस बार की स्टारकास्ट पूरी तरह नई है।
कहानी का ताना-बाना सीरीज की कहानी समीर मंडल (सुब्रत दत्ता) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक छात्रा की हत्या के आरोप में सात साल की जेल काटकर बाहर आया है। अदालत ने उसे रिहा तो कर दिया, लेकिन समाज और उसका परिवार उसे अपनाने को तैयार नहीं है। उसकी पत्नी अब उसके सबसे अच्छे दोस्त के साथ है। ऐसे में पत्रकार राका (अमृता चटर्जी) और टिनटिन (शाओन चक्रवर्ती) समीर की बेगुनाही साबित करने के लिए एक समानांतर जांच शुरू करते हैं। इस जांच के दौरान वे सुंदरबन के एक गांव में हुई पुरानी हत्या के पैटर्न को वर्तमान मर्डर से जोड़ते हैं। शक की सुई ‘रंगीन’ नामक एक आर्ट टीचर पर जाकर रुकती है, जिसका बचपन उत्पीड़न में बीता है।
खास आकर्षण अमृता और सुब्रत के अलावा, सीरीज में शुभ्रजीत दत्ता, अलकारिया हाशमी और अलकनंदा रॉय जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। इस बार संगीत की जिम्मेदारी राजा चंदा के बेटे राजपुत्र चंदा ने संभाली है। ट्रेलर लॉन्च के दौरान बताया गया कि निर्देशक राजा चंदा ने खुद इस सीरीज के लिए एक ‘रैप’ गाना गाया है, जो कहानी के रहस्य को और गहरा बनाता है। अगर आप थ्रिलर और सस्पेंस के शौकीन हैं, तो ‘काटाकुटी 2’ आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए।