‘खामोश’ पर अब सिर्फ शत्रुघ्न सिन्हा का हक! बॉम्बे हाई कोर्ट ने सेलिब्रिटी राइट्स पर सुनाया बड़ा फैसला
बॉलीवुड में शनिवार की रात काफी हलचल भरी रही। जहाँ एक तरफ शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी आवाज और पहचान को कानूनी सुरक्षा दिलाई, वहीं दूसरी तरफ शाहरुख खान ने दोस्ती निभाते हुए बीमार सलीम खान का हाल जाना।
कानूनी हुआ ‘खामोश’ दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने मशहूर डायलॉग ‘खामोश’ के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अदालत ने अब शत्रुघ्न के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उनकी आवाज, नाम और डायलॉग्स के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगा दी है। अब कोई भी शख्स या कंपनी बिना इजाजत उनके ‘पर्सनालिटी राइट्स’ का इस्तेमाल नहीं कर पाएगी। यहाँ तक कि एआई (AI) के जरिए उनकी नकल करना भी अब अपराध की श्रेणी में आएगा।
राजपाल यादव का दर्द करीब 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद राजपाल यादव अपने घर उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर पहुँचे। भतीजी की शादी में शामिल हुए राजपाल अपनी पत्नी राधा के बलिदान को याद कर रो पड़े। उन्होंने कहा, “राधा ने उस वक्त मेरा घर संभाला जब मैं जेल में था। मैं सात जन्मों तक उसका कर्ज नहीं उतार पाऊंगा।” उनकी ये बातें सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
लीलावती अस्पताल में शाहरुख खान बॉलीवुड के ‘किंग’ शाहरुख खान शनिवार रात लीलावती अस्पताल पहुँचे, जहाँ दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान भर्ती हैं। सलीम खान को ब्रेन हैमरेज और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। हालांकि उनकी हालत अब स्थिर है, लेकिन सलमान खान और उनका परिवार अस्पताल के रवैये से खुश नहीं है। सलमान का मानना है कि डॉक्टरों को परिवार की मर्जी के बिना सलीम साहब की हेल्थ रिपोर्ट मीडिया के साथ साझा नहीं करनी चाहिए थी।