अफगान सीमा पर पाकिस्तान का भीषण हमला, 16 की मौत! तालिबान ने दी ‘करारा जवाब’ देने की धमकी

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब चरम पर पहुँच गया है। रविवार आधी रात को पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान की सीमा के भीतर घुसकर सात अलग-अलग ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। पाकिस्तान का दावा है कि उन्होंने टीटीपी (TTP) और आईएसकेपी (ISKP) जैसे आतंकी संगठनों के ठिकानों को तबाह किया है। वहीं, काबुल की तालिबान सरकार का कहना है कि पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया है, जिसमें एक साल के मासूम बच्चे और 80 साल के बुजुर्ग सहित कुल 16 नागरिकों की मौत हो गई है।

हमले की वजह: प्रतिशोध की आग पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्ला तरार के अनुसार, हाल ही में इस्लामाबाद की मस्जिद में हुए आत्मघाती हमले (जिसमें 31 लोग मारे गए थे) और बन्नू में सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल की शहादत का बदला लेने के लिए यह कार्रवाई की गई है। पाकिस्तान का आरोप है कि ‘ख्वारिज’ और अफगान तालिबान की शह पर आतंकी संगठन पाकिस्तानी जमीन पर खूनखराबा कर रहे हैं। इस्लामाबाद ने स्पष्ट किया कि उन्होंने सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर केवल आतंकी कैंपों को निशाना बनाया है।

तालिबान की चेतावनी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया तालिबान प्रशासन ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया है। तालिबान के प्रवक्ता ने कहा, “पाकिस्तान अपनी खुफिया विफलता को छिपाने के लिए बेगुनाहों का खून बहा रहा है। हम सही समय पर इसका करारा जवाब देंगे।” अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन (IHRF) ने भी पुष्टि की है कि बेहसूद जिले में एक ही परिवार के 16 लोग इस हमले में मारे गए हैं। इस एयरस्ट्राइक के बाद दोनों देशों की सीमाओं पर सेना की हलचल बढ़ गई है और युद्ध का खतरा मंडराने लगा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *