लेबनान पर इजरायल का सबसे घातक हवाई हमला! हिजबुल्लाह के टॉप कमांडर समेत 10 ढेर
मिडिल ईस्ट में शांति की उम्मीदों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। लेबनान की बेका घाटी और बालबेक इलाके में शुक्रवार को इजरायली वायुसेना ने भीषण बमबारी की। इस हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। लेबनानी सुरक्षा बलों के अनुसार, मरने वालों में हिजबुल्लाह का एक बेहद वरिष्ठ सैन्य अधिकारी (Top Official) भी शामिल है। यह हाल के हफ्तों में लेबनान पर हुआ सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है।
निशाने पर हिजबुल्लाह के ठिकाने इजरायली सेना (IDF) ने एक बयान जारी कर कहा कि उन्होंने बालबेक क्षेत्र में हिजबुल्लाह के कमांड सेंटरों को सटीक रूप से निशाना बनाया है। इजरायल का आरोप है कि हिजबुल्लाह युद्धविराम की शर्तों का उल्लंघन कर रहा था। इस हमले के बाद अमेरिका द्वारा मध्यस्थता कर कराए गए युद्धविराम पर अब काले बादल मंडराने लगे हैं। इजरायली अधिकारियों का कहना है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए किसी भी खतरे को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
शरणार्थी शिविर में कोहराम उसी दिन एक अन्य ऑपरेशन में इजरायली सेना ने दक्षिण लेबनान के सिडोन शहर के पास ‘ऐन अल-हिलवेह’ शरणार्थी शिविर पर भी हमला किया। इजरायल का दावा है कि वहां हमास का एक ठिकाना था। हालांकि, हमास ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि इजरायल ने सुरक्षा कार्यालय को निशाना बनाया है। लेबनान के राजनीतिक नेताओं ने चेतावनी दी है कि इस तरह के हमलों से आर्थिक संकट से जूझ रहा देश पूरी तरह अस्थिर हो सकता है।