सुप्रीम कोर्ट को ट्रंप की खुली चुनौती! 10 नहीं, अब 15% लगेगा ग्लोबल टैरिफ, मचा हड़कंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वहां की न्यायपालिका के बीच जंग तेज हो गई है। आयात शुल्क (Import Duty) पर सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगने के बावजूद ट्रंप ने झुकने के बजाय और कड़ा रुख अपना लिया है। कोर्ट द्वारा पिछले शुल्कों को अवैध घोषित किए जाने के महज 24 घंटे के भीतर ट्रंप ने सोशल मीडिया पर घोषणा कर दी कि वे ग्लोबल टैरिफ को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने जा रहे हैं। ट्रंप ने कोर्ट के फैसले को ‘हास्यास्पद’ और ‘अमेरिका विरोधी’ करार दिया है।
कोर्ट की पाबंदी और ट्रंप की जिद 20 फरवरी को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के टैरिफ लगाने के फैसले को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि यह राष्ट्रपति की शक्तियों का दुरुपयोग है। कोर्ट ने कहा था कि आपातकालीन कानूनों की आड़ लेकर मनमाना टैक्स नहीं लगाया जा सकता। हालांकि, ट्रंप का तर्क है कि जिन देशों ने दशकों से अमेरिका का शोषण किया है, उन पर लगाम कसना जरूरी है। उन्होंने लिखा, “अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में मैं उन देशों पर वैश्विक शुल्क 15% तक बढ़ाऊंगा जिन्होंने अमेरिका को निचोड़ा है।”
खरबों डॉलर का क्या होगा? जनवरी 2025 से अब तक ट्रंप सरकार ने टैरिफ के जरिए करीब 13.35 हजार करोड़ डॉलर की कमाई की है। सुप्रीम कोर्ट ने भले ही इस टैक्स को गलत बताया है, लेकिन वसूले गए पैसे को वापस करने पर कोई साफ आदेश नहीं दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अब यह मामला निचली अदालतों में जाएगा। फिलहाल, ट्रंप के इस फैसले से वैश्विक बाजार में अनिश्चितता का माहौल बन गया है और कई देशों के साथ अमेरिका के व्यापारिक संबंध बिगड़ने की कड़वाहट बढ़ सकती है।