सिलीगुड़ी के होटलों में बांग्लादेशियों की नो-एंट्री खत्म! १३ महीने बाद फिर शुरू होगी बुकिंग, जानें क्या है कारण

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में होटल मालिकों के संगठन ने बांग्लादेशी नागरिकों के ठहरने पर लगा करीब १३ महीने पुराना प्रतिबंध हटा लिया है। सोमवार को ‘ग्रेटर सिलीगुड़ी होटलियर्स एसोसिएशन’ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि अब बांग्लादेशी पर्यटक फिर से सिलीगुड़ी के होटलों में कमरा बुक कर सकेंगे।

क्यों लगा था प्रतिबंध? बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद वहां भारत विरोधी गतिविधियों और भारतीय वीजा केंद्रों पर हमलों के विरोध में सिलीगुड़ी के होटल व्यवसायियों ने ९ दिसंबर २०२४ को अपनी सेवाएं बंद कर दी थीं। होटल मालिकों का कहना था कि देश के स्वाभिमान के लिए वे आर्थिक नुकसान सहने को तैयार हैं। इस पाबंदी के कारण सिलीगुड़ी के करीब २७० होटलों को करोड़ों रुपये का घाटा हुआ है। लेकिन अब बांग्लादेश में नई लोकतांत्रिक सरकार के गठन और भारत के प्रति सकारात्मक रुख को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

एसोसिएशन के सचिव संदीप कुमार दां ने बताया कि संगठन के ७५ प्रतिशत सदस्यों ने प्रतिबंध हटाने के पक्ष में मतदान किया है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फिर से भारत विरोधी माहौल बनता है, तो वे दोबारा सेवाएं बंद कर देंगे। सामान्य दिनों में हर महीने हजारों बांग्लादेशी नागरिक इलाज और पढ़ाई के लिए सिलीगुड़ी आते हैं, जिनके लिए अब राहत की खबर है।

Author
  • Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *