भारतीय सेना का गुप्त मिशन: ‘रैमजेट’ इंजन से लैस होगा नया ड्रोन, सुपरसोनिक रफ्तार से रडार को देगा चकमा!

भारतीय सेना भविष्य के युद्धों के लिए ‘अदिति 4.0’ (ADITI 4.0) फ्रेमवर्क के तहत एक क्रांतिकारी तकनीक पर काम कर रही है। अब सेना ऐसे ‘सुपरसोनिक लोइटरिंग म्यूनिशन’ (घातक ड्रोन) विकसित कर रही है, जो रैमजेट इंजन से लैस होंगे। ये ड्रोन न केवल ध्वनि की गति से तेज उड़ेंगे, बल्कि रडार की नजरों से बचकर दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम, टैंक और कमांड सेंटर को तबाह करने में सक्षम होंगे।
मौजूदा ड्रोन्स की रफ्तार कम होने के कारण उन्हें मार गिराना आसान होता है, लेकिन रैमजेट तकनीक इन ड्रोन्स को बेजोड़ रफ्तार और मारक क्षमता प्रदान करेगी। ये ड्रोन आसमान में शिकारी की तरह मंडराएंगे और लक्ष्य मिलते ही बिजली की गति से हमला करेंगे। सेना ने इस प्रोजेक्ट के तहत तीन प्रोटोटाइप बनाने का लक्ष्य रखा है, जो भारत को ड्रोन तकनीक में दुनिया के चुनिंदा देशों की कतार में खड़ा कर देगा।