इंडोनेशिया में ७.४ तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप! सुनामी की चेतावनी जारी, उत्तरी सुलावेसी में भारी नुकसान

इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में गुरुवार तड़के ७.४ तीव्रता के एक शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र मोलुका सागर में जमीन से लगभग ६६ किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। इस शक्तिशाली झटके के तुरंत बाद प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने इंडोनेशिया के साथ-साथ फिलीपींस और मलेशिया के तटीय इलाकों के लिए सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया है। रिपोर्टों के मुताबिक, इस आपदा में उत्तरी सुलावेसी के मनाडो शहर में एक व्यक्ति की मलबे में दबकर मौत हो गई है।

भूकंप स्थानीय समयनुसार सुबह ६:४८ बजे आया, जब लोग अपने दैनिक कार्यों की शुरुआत कर रहे थे। भूकंप का केंद्र टर्नेट शहर से लगभग ११९ किमी दूर माजू द्वीप के पास बताया गया है। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि उत्तरी सुलावेसी क्षेत्र में एक बड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में दीवारों में बड़ी दरारें और गिरे हुए ढांचे देखे जा सकते हैं। नेशनल सेंटर फॉर सेस्मोलॉजी के आंकड़ों के अनुसार, भारतीय समयानुसार यह घटना गुरुवार तड़के ४:१८ बजे हुई।

सुनामी की चेतावनी जारी होते ही तटीय क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि भूकंप के समय स्कूल शुरू ही हुए थे, और दहशत के मारे बच्चे अपनी कक्षाओं से बाहर निकल आए। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भूकंप के केंद्र से १००० किमी के दायरे में खतरनाक लहरें उठ सकती हैं। उत्तरी मिनाहासा में पहले ही ७५ सेंटीमीटर ऊंची लहरें दर्ज की जा चुकी हैं। इंडोनेशिया ‘रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित होने के कारण अक्सर भूकंपों का सामना करता है, लेकिन २००४ की सुनामी की यादों ने लोगों के मन में गहरा डर पैदा कर दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *