रणवीर सिंह की ‘धुरंधर २’ ने रचा इतिहास! ९०० करोड़ के पार हुई कमाई, ‘आरआरआर’ को भी पछाड़ा

रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर २’ बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम नहीं ले रही है। फिल्म ने अपनी रिलीज के १४वें दिन लगभग २४.०६ करोड़ रुपये का कारोबार किया है। हालांकि यह फिल्म की अब तक की सबसे कम दैनिक कमाई है, लेकिन कुल कलेक्शन के मामले में यह फिल्म एक अजेय रथ पर सवार है। १४ दिनों के भीतर भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन ९२०.०२ करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो किसी भी भारतीय फिल्म के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
फिल्म के आंकड़ों पर गौर करें तो भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन ११०१.४७ करोड़ रुपये हो चुका है। वहीं वैश्विक स्तर पर ‘धुरंधर २’ ने १४६६.४७ करोड़ रुपये की बंपर कमाई कर अपनी ‘ब्लॉकबस्टर’ साख पर मुहर लगा दी है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि जिस तरह से यह फिल्म ‘स्त्री २’, ‘पुष्पा २’ और ‘छावा’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ रही है, वह काबिले तारीफ है। लाइफटाइम कलेक्शन के मामले में रणवीर की इस फिल्म ने ‘केजीएफ चैप्टर २’, ‘आरआरआर’ और ‘कल्कि २८९८ एडी’ जैसी मेगा हिट फिल्मों के रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिए हैं।
दिलचस्प बात यह है कि ‘धुरंधर २’ की इस कामयाबी का सबसे बड़ा आधार हिंदी भाषी क्षेत्र है। दक्षिण भारतीय भाषाओं में फिल्म का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा है। मलयालम में केवल ६ लाख, तमिल में ३५ लाख और तेलुगु में ९८ लाख रुपये की कमाई यह दर्शाती है कि दक्षिण में फिल्म को वो रिस्पॉन्स नहीं मिला जिसकी उम्मीद थी। लेकिन हिंदी बेल्ट में फिल्म की पकड़ इतनी मजबूत है कि अब इसकी नजर ‘बाहुबली २: द कन्क्लूजन’ के रिकॉर्ड पर है। आने वाले वीकेंड में कमाई में और उछाल आने की संभावना है।