अमृतसर में बवाल! स्वर्ण मंदिर के रास्ते में निहंगों ने युवक को सरेआम पीटा, पैर पकड़ने पर भी नहीं पसीजे!

अमृतसर के विश्व प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर (दरबार साहिब) की ओर जाने वाले विरासत मार्ग पर कुछ निहंगों द्वारा एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब एक मिनट के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि निहंग नेता परमजीत सिंह अकाली और उनके साथी एक व्यक्ति को घेरकर थप्पड़ और लाठियों से पीट रहे हैं। पीड़ित व्यक्ति हाथ जोड़कर उनके पैर छूकर माफी मांगता रहा, लेकिन उसे बख्शा नहीं गया।

निहंगों का आरोप है कि यह व्यक्ति और इसके साथी दरबार साहिब आने वाले तीर्थयात्रियों को जबरन होटल के कमरे लेने के लिए मजबूर करते थे और श्रद्धालुओं को परेशान कर शहर की छवि बिगाड़ रहे थे। बताया गया है कि ये लोग यात्रियों पर 200 रुपये में कमरे दिलाने के लिए दबाव बना रहे थे। निहंगों के अनुसार, यह घटना सोमवार, 30 मार्च की है जब वे विरासत मार्ग पर शराब, मांस और तंबाकू की दुकानों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर लौट रहे थे।

परमजीत सिंह अकाली ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी को चोट पहुँचाना नहीं बल्कि व्यवस्था बनाए रखना और चेतावनी देना था। घटना की सूचना मिलते ही रामबाग थाने की एसएचओ अमनदीप कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचीं। पुलिस ने निहंगों और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। हालांकि, इस मामले में फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस ने सभी को सलाह दी है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचित किया जाना चाहिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *