भवानीपुर में ममता के गढ़ में शाह की हुंकार! शुभेंदु के नामांकन पर बोले— ‘दीदी को टाटा-बाय बाय करने का समय आ गया’

पश्चिम बंगाल के हाई-प्रोफाइल भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में आज भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के नामांकन पत्र जमा करने के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हुंकार भरी। हाजरा की जनसभा से सीधे तृणमूल कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि २०१४ के बाद से जिस भी राज्य में भाजपा की सरकार बनी है, वहां विकास हुआ है और अब बंगाल की बारी है।

अमित शाह ने भवानीपुर के मतदाताओं से भावुक अपील करते हुए कहा, “मैं हाथ जोड़कर अनुरोध करता हूं कि पूरे बंगाल की मुक्ति के लिए शुभेंदु अधिकारी को भारी मतों से विजयी बनाएं। विवेकानंद, रवींद्रनाथ टैगोर और श्यामाप्रसाद मुखर्जी के सपनों का ‘सोनार बांग्ला’ बनाने के लिए परिवर्तन जरूरी है।” उन्होंने ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि शुभेंदु के पास उन्हें हराने का अनुभव है। पिछली बार ममता सरकार तो बना ली थीं, लेकिन खुद शुभेंदु से हार गई थीं। इस बार वह पूरे बंगाल और भवानीपुर, दोनों जगह हारेंगी।

भ्रष्टाचार, सिंडिकेट राज और घुसपैठ को बंगाल के अस्तित्व के लिए खतरा बताते हुए शाह ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में ही इसका समाधान संभव है। उन्होंने मतदाताओं को आश्वस्त किया कि किसी गुंडे में इतनी हिम्मत नहीं है कि वह उन्हें वोट देने से रोक सके। शाह ने एक रणनीतिक बात कहते हुए कहा, “मेरे पास एक शॉर्टकट है—अगर भवानीपुर की जनता शुभेंदु को जिता देती है, तो पूरे बंगाल में बदलाव अपने आप हो जाएगा।” उन्होंने घोषणा की कि वह अगले १५ दिनों तक बंगाल में ही रहेंगे और ५ मई को भाजपा सरकार का आना तय है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *