हिमाचल में महंगी हुई शराब! प्रीमियम ब्रांड्स पर सीधे 100 रुपये की बढ़ोतरी, देखें नई रेट लिस्ट

हिमाचल प्रदेश में नए वित्त वर्ष २०२६-२৭ के आगाज के साथ ही शराब के शौकीनों की जेब पर बोझ बढ़ गया है। राज्य के कराधान एवं आबकारी विभाग ने शराब की नई मूल्य सूची जारी कर दी है। नई दरों के मुताबिक, प्रीमियम ब्रांड्स की बोतलों की कीमतों में १०० रुपये तक का इजाफा किया गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि रोजाना बिकने वाले सामान्य ब्रांड्स की कीमतों में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है।

विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, सामान्य ब्रांड्स की बोतलों पर औसतन १० से ३० रुपये बढ़ाए गए हैं। वहीं, प्रीमियम सेगमेंट में ५० से १०० रुपये प्रति बोतल अतिरिक्त चुकाने होंगे। सरकार ने इस साल शराब के ठेकों की नीलामी पिछले वर्ष के बेस प्राइज से १० प्रतिशत अधिक पर की है, जिसका सीधा असर अब ग्राहकों पर दिख रहा है। सरकार ने २०२६-२৭ के लिए एमआरपी (MRP) व्यवस्था को ही बरकरार रखा है। पूर्व में अपनाई गई एमएसपी (MSP) व्यवस्था के विफल होने के बाद, ग्राहकों से मनमाना पैसा वसूलने से रोकने के लिए एमआरपी को ही सबसे सटीक विकल्प माना गया है।

प्रशासन ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। अब हर शराब ठेके पर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही, उस लिस्ट के पास संबंधित क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक (Excise Inspector) का मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित करना होगा। यदि कोई दुकानदार प्रिंटेड रेट से एक रुपया भी ज्यादा मांगता है, तो ग्राहक तुरंत दिए गए नंबर पर शिकायत कर सकते हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने और उनका लाइसेंस रद्द करने का प्रावधान किया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *