बागडोगरा एयरपोर्ट पर हाई-वोल्टेज ड्रामा! कालियाचक हिंसा का मास्टरमाइंड मीम नेता गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में जजों को बंधक बनाने और चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एआईएमआईएम (AIMIM) नेता मोफक्केरुल इस्लाम को शुक्रवार सुबह बागडोगरा हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर कालियाचक में मतदाता सूची संशोधन (SIR) के दौरान न्यायिक अधिकारियों को घेरने और हिंसा भड़काने का गंभीर आरोप है।
पिछले बुधवार को कालियाचक में सात जजों को करीब ९ घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया था। इस दौरान भीड़ ने जमकर तांडव मचाया और सुरक्षा बलों पर भी हमला किया। मोफक्केरुल इस्लाम को एक वायरल तस्वीर में भीड़ के बीच गाड़ी पर खड़े होकर भड़काऊ भाषण देते देखा गया था। इस घटना के बाद से ही वह फरार चल रहे थे। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन उनका फोन स्विच ऑफ था। शुक्रवार को जब वे बागडोगरा एयरपोर्ट से कहीं बाहर निकलने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तारी से ठीक पहले मोफक्केरुल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, “वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के विरोध में मुझे गिरफ्तार किया जा रहा है।” हालांकि, कुछ ही देर बाद यह वीडियो उनके प्रोफाइल से हटा दिया गया। इस हिंसा के मामले में पुलिस अब तक १८ लोगों को जेल भेज चुकी है। एक महिला वकील का वायरल ऑडियो क्लिप, जिसमें उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर डर जाहिर किया था, ने इस मामले को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया था।
इस गिरफ्तारी पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता देवजीत सरकार ने कहा, “जो लोग भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ रहे हैं और जनसांख्यिकी बदलने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें ढूंढ-ढूंढकर सजा दी जानी चाहिए। देश के भीतर रहकर देश को नुकसान पहुंचाने वालों को कानून का सामना करना ही होगा।”