दुनिया के नंबर १ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर गिरी गाज! ईडन गार्डन्स में बदतमीजी पड़ी भारी

आईपीएल २०२६ में सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार ओपनर और दुनिया के नंबर-१ टी-२० बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस समय चर्चा में हैं। ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ शानदार पारी खेलने के बावजूद वह बीसीसीआई (BCCI) के गुस्से का शिकार हो गए हैं। मैच के दौरान अनुशासनहीनता दिखाने के कारण अभिषेक की मैच फीस काट ली गई है।
दरअसल, ईडन गार्डन्स में खेले गए आईपीएल के छठे मैच में अभिषेक शर्मा बेहद आक्रामक मूड में थे। उन्होंने मात्र २१ गेंदों में ४८ रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें ४ चौके और ४ छक्के शामिल थे। उन्होंने ट्रेविस हेड के साथ मिलकर पहले ६ ओवर में ही ८४ रन ठोक दिए थे। लेकिन इसी आक्रामकता के बीच वह अपनी मर्यादा भूल गए। मैदान पर उन्होंने अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जो स्टंप माइक में रिकॉर्ड हो गया। यह आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद २.३ का उल्लंघन है, जो मैदान पर ‘अभद्र भाषा’ या ‘अपमानजनक इशारों’ से संबंधित है।
अभिषेक ने अपनी गलती मान ली है, जिसके बाद बीसीसीआई ने उन पर मैच फीस का २५ प्रतिशत जुर्माना लगाया है। अभिषेक को आईपीएल में एक मैच खेलने के ७.५ लाख रुपये मिलते हैं। २५ फीसदी कटौती के हिसाब से उन्हें १,८७,५०० रुपये का नुकसान हुआ है और इस मैच के लिए उन्हें ५,६२,५०० रुपये ही मिलेंगे। साथ ही उनके खाते में एक ‘डिमेरिट पॉइंट’ भी जोड़ दिया गया है। अगर वह दोबारा ऐसी गलती करते हैं, तो उन पर बैन भी लग सकता है।
मैच की बात करें तो हैदराबाद ने २० ओवर में २२६ रन बनाए थे, जिसके जवाब में केकेआर की टीम १६१ रनों पर ढेर हो गई। जीत के हीरो होने के बावजूद अभिषेक के लिए यह रात कड़वी साबित हुई।