इंसानों की जगह अब AI करेगा काम! जैक डोर्सी ने ४००० कर्मियों को निकाला, बताया भविष्य का प्लान

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), जिसे कभी इंसानी दिमाग की सबसे बड़ी उपलब्धि माना गया था, आज वही हजारों लोगों की नौकरी (Layoff) के लिए खतरा बन गया है। ओरेकल से लेकर ब्लॉक इंक (Block Inc.) जैसी दिग्गज कंपनियां लगातार कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं। इस बीच, एक्स (X) के सह-संस्थापक जैक डोर्सी के एक बयान ने आईटी और कॉर्पोरेट जगत में खलबली मचा दी है।

हाल ही में ब्लॉक इंक ने लगभग ४००० कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। इस फैसले का बचाव करते हुए जैक डोर्सी ने कहा कि कंपनी में कई पद अब ‘बेकार’ हो चुके हैं। उन्होंने विशेष रूप से ‘मिडल मैनेजमेंट’ पर निशाना साधते हुए कहा कि समन्वय और निगरानी जैसे काम अब AI इंसानों से बेहतर और कम लागत में कर सकता है। डोर्सी का मानना है कि कम पर्यवेक्षकों के होने से फैसले तेजी से लिए जाते हैं और कंपनी की उत्पादकता बढ़ती है।

डोर्सी ने ‘इंटेलिजेंस नेटिव’ कंपनियों का विचार पेश किया है, जहां AI ही संचालन का केंद्र होगा। इस मॉडल में कर्मचारी सीधे AI सिस्टम से निर्देश प्राप्त करेंगे और केवल कुछ अनुभवी विशेषज्ञ ही प्रशिक्षण और देखरेख का जिम्मा संभालेंगे। चौंकाने वाली बात यह है कि छंटनी की घोषणा के बाद ब्लॉक के शेयरों में २० प्रतिशत का उछाल आया है, जो दर्शाता है कि निवेशक अब मानव श्रम के बजाय AI-आधारित कार्यकुशलता पर अधिक भरोसा कर रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि यह चलन बढ़ा, तो भविष्य में रोजगार का संकट और गहरा सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *