खड़गपुर में दिलीप घोष का ‘शक्ति प्रदर्शन’- शुभेंदु अधिकारी के साथ आज भरेंगे हुंकार, क्या टूटेगा रिकॉर्ड?

पश्चिम बंगाल की राजनीति के दिग्गज नेता और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष आज खड़गपुर सदर सीट से अपना नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं। इसे केवल एक नामांकन प्रक्रिया नहीं, बल्कि भाजपा का एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। दिलीप घोष के इस कदम से खड़गपुर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
राम मंदिर से होगी शुरुआत तय कार्यक्रम के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे दिलीप घोष खड़गपुर के प्रसिद्ध राम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। वहां से एक भव्य जुलूस शुरू होगा जो गोलबाजार होते हुए खड़गपुर अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) के कार्यालय तक जाएगा। इस रैली में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है।
शुभेंदु अधिकारी और रेखा गुप्ता रहेंगे मौजूद दिलीप घोष के नामांकन में जोश भरने के लिए राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी खुद मौजूद रहेंगे। उनके साथ दिल्ली की दिग्गज भाजपा नेता और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल होंगी। हाल ही में भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी के नामांकन के दौरान अमित शाह की मौजूदगी ने जो माहौल बनाया था, वैसा ही कुछ आज खड़गपुर में भी देखने को मिल रहा है।
इतिहास और साख की लड़ाई साल 2016 में खड़गपुर सदर वही सीट है, जिसने दिलीप घोष के जरिए भाजपा को बंगाल विधानसभा में पहली जीत का स्वाद चखाया था। तब उन्होंने तृणमूल के रामा प्रसाद तिवारी को 27,360 वोटों से हराया था। हालांकि, 2019 में उनके सांसद बनने के बाद उपचुनाव में भाजपा यह सीट हार गई थी, लेकिन 2021 में भाजपा ने फिर से यहां वापसी की। अब दिलीप घोष के लिए यह सीट उनकी ‘प्रतिष्ठा’ का सवाल बन गई है।
दिलीप घोष का आत्मविश्वास मैदान में उतरने से पहले दिलीप घोष ने अपने चिर-परिचित अंदाज में विपक्ष को चुनौती दी है। उन्होंने कहा, “खड़गपुर सदर के ढाई लाख मतदाताओं में से दो-तिहाई वोट मेरे पास आएंगे। मेरा लक्ष्य 1 लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल करना है।” भाजपा समर्थकों में उत्साह चरम पर है और आज के इस नामांकन उत्सव ने खड़गपुर को पूरी तरह से भगवा रंग में रंग दिया है।