“मैं सौरव गांगुली नहीं, लेकिन पक्का बंगाली हूँ”; बीजेपी में शामिल होते ही लिएंडर पेस ने ममता सरकार और खेल ढांचे पर बोला हमला!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले टेनिस लीजेंड लिएंडर पेस का भाजपा में शामिल होना एक बड़ा मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और सुकांत मजूमदार की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता लेने के बाद पेस ने शनिवार को कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बंगाल की खेल नीति और बुनियादी ढांचे पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कोलकाता उनकी मातृभूमि है, लेकिन दुख की बात है कि यहां टेनिस के लिए एक भी इंडोर कोर्ट नहीं है, जिससे युवा खिलाड़ी मौसम की मार झेलने को मजबूर हैं।
पेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “पीएम मोदी ने मुझे दिल्ली बुलाकर बंगाल के युवाओं की सेवा करने का ‘विज़न’ दिया है। मैं बंगाल को ‘वृद्धाश्रम’ नहीं बनने दूंगा। यहां के युवाओं को रोजगार और खेल के जरिए सशक्त बनाना होगा।” अपनी पहचान पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने भावुक होकर कहा, “माना कि मैं सौरव गांगुली नहीं हूँ और मेरे पिता पुर्तगाली थे, लेकिन मेरा जन्म और परवरिश इसी मिट्टी में हुई है। मैं पूरी तरह बंगाली हूँ।” उन्होंने मेसी के कोलकाता दौरे पर हुए विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि एक महान खिलाड़ी का अपमान किया गया, जो खेल जगत के लोगों के प्रबंधन में कभी नहीं होता। पेस ने आगामी 20 वर्षों में देश के 250 मिलियन बच्चों का भविष्य संवारने का संकल्प लिया है।