सावधान! ओलावृष्टि और तेज आंधी के साथ आ रही है बारिश, मौसम विभाग ने जारी की उत्तर और दक्षिण बंगाल के लिए चेतावनी

भीषण गर्मी और तपिश से परेशान दक्षिण बंगाल के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और हवा में नमी बढ़ने के कारण आज यानी रविवार से मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव होने वाला है। अगले गुरुवार तक बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और काल बैसाखी (Kal Baisakhi) जैसी स्थिति बनने की संभावना है।

तापमान में आएगी भारी गिरावट मौसम वैज्ञानिक सौरिश बंद्योपाध्याय ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को राज्य में आंधी-बारिश की तीव्रता सबसे अधिक रहेगी। इस दौरान बादलों की आवाजाही और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में ३ से ४ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। आज रविवार शाम से ही आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद है।

किन जिलों में है सबसे ज्यादा खतरा? मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को पुरुलिया, बांकुरा, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में भारी ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं बुधवार को हावड़ा, हुगली, उत्तर २४ परगना और नदिया जिलों में काल बैसाखी का तांडव देखने को मिल सकता है। उत्तर बंगाल के जिलों जैसे दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में भी ३० से ४० किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश का अनुमान है। चैत्र के महीने में होने वाली यह बारिश न केवल चिलचिलाती धूप से राहत देगी, बल्कि उमस भरी गर्मी को भी कम करेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *