“बैंक खाता नंबर दिया तो लक्ष्मी भंडार भी जाएगा!” ममता बनर्जी ने महिलाओं को किस ‘साजिश’ से किया आगाह?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ के मद्देनजर मालदा के मानिकचक और मालतीपुर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं को उनके बैंक खातों और ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के पैसों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
साजिश का पर्दाफाश: “पैसे लूट लेगी बीजेपी” मानिकचक की सभा में ममता बनर्जी ने कहा, “चुनाव के समय बहुत पैसा आता है। माताएं-बहनें सावधान रहें। बीजेपी के लोग पश्चिम बंगाल सरकार या टीएमसी का नाम लेकर आपके घर आ सकते हैं और आपका बैंक अकाउंट नंबर मांग सकते हैं। वे कहेंगे कि हम पैसे डालेंगे, लेकिन भूलकर भी नंबर न दें। आपके लक्ष्मी भंडार में जो थोड़ा-बहुत पैसा है, वे उसे भी निकाल लेंगे। यह उनकी सोची-समझी साजिश है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पहले वे खाते से पैसे गायब करेंगे और फिर केंद्रीय बलों के जरिए मतदाताओं को वोट डालने से रोकेंगे।
काउंटिंग के दिन पहरेदारी का आह्वान ममता बनर्जी ने मतगणना के दिन को लेकर भी आशंका जताई। उन्होंने समर्थकों से कहा, “अगर गिनती के दिन वे लोडशेडिंग (बिजली कटौती) कर दें और केंद्रीय बल किसी को अंदर न जाने दें, तो माताएं-बहनें चार दिनों तक रात जागकर पहरा दें।” उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बंगाल का २ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का फंड रोक रखा है, फिर भी राज्य की जन कल्याणकारी योजनाएं बंद नहीं हुई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि टीएमसी को वोट देने पर ‘लक्ष्मी भंडार’ की सुविधा जीवन भर मिलती रहेगी।