जेडी वेंस की अग्निपरीक्षा! इस्लामाबाद में होने वाली ऐतिहासिक बैठक से पहले इजरायल ने बिगाड़ा खेल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित दो सप्ताह के युद्धविराम की उम्मीदों पर इजरायल ने पानी फेर दिया है। ईरान के साथ समझौते की सुगबुगाहट के बीच इजरायल ने लेबनान पर भीषण मिसाइल हमला किया है। रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल ने महज 10 मिनट के भीतर लेबनान पर 100 मिसाइलें दागीं। इस हमले के विरोध में ईरान ने एक बार फिर सामरिक रूप से महत्वपूर्ण ‘हॉर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) को बंद कर दिया है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति संकट गहरा गया है।
यह तनावपूर्ण स्थिति तब पैदा हुई है जब आगामी शनिवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच आमने-सामने की बातचीत होनी है। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस वार्ता की जिम्मेदारी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को सौंपी है। वेंस के साथ इस डेलिगेशन में मध्य पूर्व के दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल रहेंगे। हालांकि, इजरायल के ताजा हमले ने इस बैठक की सफलता पर सवालिया निशान लगा दिया है।
जेडी वेंस ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि लेबनान की घटना का इस शांति वार्ता से कोई लेना-देना नहीं है। वेंस के अनुसार, अमेरिका ने कभी लेबनान में युद्धविराम का वादा नहीं किया था। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि ईरान इस मुद्दे को लेकर बातचीत से पीछे हटता है, तो यह उनकी मर्जी होगी। दूसरी ओर, तेहरान ने इजरायल को तुरंत हमला रोकने की चेतावनी दी है। अब पूरी दुनिया की नजरें शनिवार को इस्लामाबाद में होने वाली बैठक पर टिकी हैं, जहां वेंस को ईरान के साथ एक जटिल समझौते का रास्ता निकालना होगा।