‘नारी शक्ति’ को पीएम मोदी की चिट्ठी! २०२९ से लागू होगा महिला आरक्षण, देश की बहनों के लिए बड़ा ऐलान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की दहलीज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की ‘नारी शक्ति’ के नाम एक भावुक और रणनीतिक पत्र लिखा है। पीएम मोदी ने अपने संदेश में स्पष्ट किया है कि दशकों से लटका हुआ महिला आरक्षण का मुद्दा अब हकीकत बनने जा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि २०२९ के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में महिलाओं को ३३ प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने लिखा, “दशकों से यह विषय अटका हुआ था, लेकिन अब देश की माताओं और बहनों का सम्मान सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।”
कूचबिहार की रैली में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर ममता सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने घोषणा की कि केंद्र सरकार ने १६, १७ और १८ अप्रैल को संसद का विशेष सत्र बुलाया है ताकि इस कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जा सकें। पीएम मोदी ने कहा, “बंगाल शक्ति पूजा की भूमि है, और यहां की महिलाओं की समृद्धि के लिए बीजेपी मैदान में है। हमारा ट्रैक रिकॉर्ड गवाह है कि बीजेपी हमेशा महिलाओं की पहली पसंद रही है।”
बता दें कि महिला आरक्षण बिल २०२३ में ही संसद से पारित हो चुका है, लेकिन जनगणना और परिसीमन (Delimitation) की शर्तों के कारण इसे लागू होने में समय लग रहा है। एक तरफ पीएम मोदी इसे अपनी सरकार की बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यूपी जैसे राज्यों में महिलाओं की सुरक्षा का हवाला देते हुए बीजेपी पर पलटवार किया है। बंगाल चुनाव से पहले ‘महिला वोट बैंक’ को साधने की यह जंग अब बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है।