पहली बार बिहार में बीजेपी का मुख्यमंत्री? नीतीश के इस्तीफे के साथ ही नए समीकरणों की आहट!

बिहार की राजनीति में आज एक युग का अंत होने जा रहा है। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के बाद, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। सूत्रों के अनुसार, सुबह ११ बजे उनकी आखिरी कैबिनेट बैठक होगी, जिसमें उनके कार्यकाल और बिहार के विकास में उनके योगदान के लिए औपचारिक रूप से धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसके तुरंत बाद नीतीश कुमार राजभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।
हैरानी की बात यह है कि इस्तीफे की चर्चाओं के बीच भी ७५ वर्षीय नीतीश कुमार सोमवार को पूरी तरह सक्रिय दिखे। उन्होंने सारण जिले में फोर-लेन सड़क परियोजना और जेपी सेतु के समानांतर बन रहे नए पुल का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने ७, सर्कुलर रोड स्थित अपने नए आवास का भी जायजा लिया, जहां वे मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद शिफ्ट होंगे।
अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर अटकलें तेज हैं। २४३ सदस्यीय विधानसभा में एनडीए के पास २०२ सीटें हैं, जिसमें बीजेपी ८९ सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक के रूप में पटना भेजा है। माना जा रहा है कि बिहार को पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री मिल सकता है। मुख्यमंत्री की दौड़ में सम्राट चौधरी और नित्यानंद राय के नाम सबसे आगे हैं। संभावना है कि बीजेपी किसी ओबीसी या दलित चेहरे को मुख्यमंत्री बनाकर नया सामाजिक समीकरण साधेगी। नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण बुधवार को होने की उम्मीद है।