उत्तर बंगाल में अमित शाह का शक्ति प्रदर्शन! कालियागंज में रोड-शो के बाद गंगारामपुर में ममता सरकार पर बरसे

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज उत्तर बंगाल के तूफानी दौरे पर हैं। चुनाव प्रचार को धार देने के लिए आज वह तीन जनसभाएं और एक भव्य रोड-शो कर रहे हैं। उनके दिन की शुरुआत उत्तर दिनाजपुर के कालियागंज में एक मेगा रोड-शो से हुई, जहां प्रभाती सुंदरी हाई स्कूल मैदान के आसपास समर्थकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रोड-शो के बाद शाह दक्षिण दिनाजपुर के गंगारामपुर पहुंचे, जहां उन्होंने तपन और कुमारगंज के बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में अपनी पहली रैली की।
गंगारामपुर के गचिहार मैदान में कड़ी सुरक्षा के बीच अमित शाह ने ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरते हुए बंगाल में बदलाव का आह्वान किया। इसके बाद गृहमंत्री मालदा का रुख करेंगे। उनकी दूसरी सभा दक्षिण मालदा के मानिकचक और मोथाबाड़ी के प्रत्याशियों के समर्थन में मथुरापुर बी.एस.एस. हाई स्कूल मैदान में आयोजित की गई है।
शाह के इस चुनावी दौरे का समापन उत्तर मालदा के गजोले में होगा। गजोले और हबीबपुर के उम्मीदवारों के पक्ष में वह अपु दास टोल प्लाजा के पास स्टोन फील्ड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। बीजेपी का मानना है कि शाह के इस दौरे से उत्तर बंगाल की सीटों पर पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी। कालियागंज में हुए रोड-शो का सीधा प्रसारण ईटीवी भारत पर भी देखा गया, जिससे कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।