वानखेड़े में बेकाबू हुई भीड़! फैंस के बर्ताव पर बुरी तरह भड़कीं करीना कपूर, सैफ से पूछा- “यह क्या हो रहा है?”

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रविवार की शाम आईपीएल के हाई-वोल्टेज मैच का आनंद लेने के लिए ‘बॉलीवुड दिवा’ करीना कपूर खान अपने पूरे परिवार के साथ पहुंची थीं। उनके साथ पति सैफ अली खान, दोनों बेटे तैमूर और जेह के साथ-साथ इब्राहिम अली खान भी थे। हालांकि, मैदान की चौकों-छक्कों की गूंज से ज्यादा इस वक्त सोशल मीडिया पर गैलरी के बाहर का एक वीडियो सुर्खियां बटोर रहा है, जिसमें करीना कपूर भीड़ के बीच बुरी तरह परेशान और नाराज नजर आ रही हैं।

मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच को लेकर स्टेडियम खचाखच भरा था। मुंबई इंडियंस की नीली जर्सी पहने करीना और उनका परिवार स्टैंड्स में बैठकर टीम का उत्साह बढ़ा रहा था। लेकिन लिफ्ट के पास स्थिति तब बिगड़ गई जब प्रशंसकों और पैपराजी की भारी भीड़ ने उन्हें घेर लिया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि करीना अपने बच्चों के साथ लिफ्ट का इंतजार कर रही थीं, तभी सुरक्षा घेरा टूट गया और लोग उनके बेहद करीब आ गए। इस अफरा-तफरी को देख करीना का पारा चढ़ गया और उन्होंने अपनी टीम के एक सदस्य को कड़ी फटकार लगाई।

नाराजगी में उन्होंने सैफ की ओर मुड़कर कहा, “यह सब क्या हो रहा है?” हालांकि सैफ पूरे समय शांत रहे और बच्चों को प्रोटेक्ट करते नजर आए। काफी जद्दोजहद के बाद परिवार लिफ्ट तक पहुंच सका। प्रशंसकों के इस अनियंत्रित व्यवहार से करीना स्पष्ट रूप से असहज दिखीं। काम की बात करें तो करीना ने हाल ही में मेघना गुलज़ार की फिल्म ‘दायरा’ की शूटिंग पूरी की है, जिसमें वह दक्षिण भारतीय स्टार पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ नजर आएंगी। यह फिल्म इस साल के अंत तक रिलीज होने वाली है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *