राहुल की सुरक्षा पर ‘साजिश का सियासी संग्राम, ‘भाजपा प्रवक्ता के निष्कासन की मांग, कांग्रेस ने संविधान पर हमला बताया

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को एक लाइव टीवी डिबेट के दौरान भाजपा प्रवक्ता द्वारा जान से मारने की खुली धमकी दिए जाने पर कांग्रेस पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस ने इसे साजिशपूर्ण बताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “यह राहुल गांधी की जान को सिर्फ एक बार की धमकी नहीं है। सरकार द्वारा राहुल गांधी की सुरक्षा पर मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखा गया पत्र और उसकी सामग्री को जानबूझकर लीक करना, इसमें साजिश की बू आती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि “एक ऐसे नेता की सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करके, जिसने अपने परिवार के दो सदस्यों को हत्याओं में खो दिया है, यह सरकार आग से खेल रही है।” खेड़ा ने इसे भाजपा की हताशा का परिणाम बताया, जो राहुल गांधी की आरएसएस-भाजपा विचारधारा के खिलाफ तीखी लड़ाई से बौखला गई है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि राजनीतिक मतभेदों का समाधान संवैधानिक ढांचे के भीतर होना चाहिए, लेकिन भाजपा नेता लाइव टीवी पर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। वेणुगोपाल ने कहा कि जिसके परिवार के दो सदस्य शहीद हो गए हों, उसके खिलाफ ऐसी निर्मम धमकियां बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। उन्होंने इस धमकी को संवैधानिक मूल्यों पर हमला बताते हुए अमित शाह को पत्र लिखा और धमकी देने वाले भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई के साथ ही उन्हें तुरंत निष्कासित करने की मांग की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *