गृह मंत्री नकवी मंच पर करते रहे इंतज़ार, BCCI सचिव ने जताई कड़ी आपत्ति! भारत ने क्यों नहीं ली पाकिस्तान से ट्रॉफी?
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक ‘एआई जनरेटेड’ तस्वीर साझा की, जिसमें वह और तिलक वर्मा ट्रॉफी पकड़े नज़र आ रहे हैं।
इस तस्वीर के साथ सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान टीम और नकवी को आईना दिखाया। उन्होंने लिखा, “जब खेल खत्म हो जाता है, तो सिर्फ चैंपियन को याद रखा जाता है, न कि ट्रॉफी के साथ किसी खिलाड़ी की तस्वीर।” सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने भी अभिषेक शर्मा के साथ ऐसी ही ‘एआई जनरेटेड’ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए ‘हंसी’ और ‘ट्रॉफी’ वाली इमोजी लगाई है।
नकवी की हरकत पर आपत्ति:
मोहसिन नकवी पाकिस्तान के गृह मंत्री और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष भी हैं, जिन्हें भारत विरोधी रवैये के लिए जाना जाता है।
यह जानते हुए भी कि भारतीय टीम उनसे ट्रॉफी लेना पसंद नहीं करेगी, नकवी काफी देर मंच पर बने रहे। जब भारतीय टीम मंच पर ट्रॉफी लेने नहीं पहुंची, तो आयोजक ट्रॉफी वापस ले गए। किसी अन्य अधिकारी ने भारतीय टीम को ट्रॉफी नहीं सौंपी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने नकवी की इस हरकत पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि जल्द ही ट्रॉफी भारत को मिल जाएगी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पहली बार ऐसा देखा, जब चैंपियन टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई। हालांकि, उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को ही असली ट्रॉफियां बताया।