सीने में गोली मार दी जाएगी,’लाइव टीवी पर राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी, बीजेपी नेता पर भड़का विपक्ष, गृह मंत्री को पत्र

केरल बीजेपी के नेता पिंटू महादेव ने 26 सितंबर की रात एक क्षेत्रीय चैनल के लाइव डिबेट के दौरान कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जान से मारने की खुली धमकी देकर देश की राजनीति में सनसनी फैला दी है। लद्दाख में हुई हिंसा को लेकर चल रही बहस के बीच महादेव ने राहुल गांधी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें ‘सीने में गोली मार दी जाएगी।’

इस बयान के बाद देश का सियासी पारा एकदम से बढ़ गया है और तमाम विपक्षी नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

विपक्ष का हमला: ‘हमले की साजिश’ और ‘वोट चोरी का डर’

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी वोट चोरी के खुलासे से घबरा गई है, इसीलिए वह अब राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दे रही है।

वहीं, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राऊत ने बीजेपी पर हल्लाबोलते हुए गंभीर आरोप लगाया कि वह काफी पहले से कह रहे हैं कि राहुल गांधी के ऊपर हमले की साजिश रची जा रही है।

कांग्रेस ने गृह मंत्री को लिखा पत्र, कड़ी कार्रवाई की मांग

इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है और पिंटू महादेव के खिलाफ कड़ी और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

वेणुगोपाल ने पत्र में स्पष्ट किया है कि महादेव का यह बयान “हिंसा भड़काने की एक बेशर्मी भरी कार्रवाई है।” उन्होंने कहा, “यह न तो जुबान फिसली है और न ही लापरवाही से कही गई अतिशयोक्ति। यह विपक्ष के नेता और भारत के अग्रणी राजनेताओं में से एक को एक सोची-समझी और खौफनाक जान से मारने की धमकी है।”

पहले भी मिल चुकी है धमकी, क्या इस बार होगा एक्शन?

गौरतलब है कि राहुल गांधी को बीजेपी नेताओं की तरफ से ऐसी विवादित धमकियां पहले भी दी जा चुकी हैं। बीजेपी के पूर्व विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने भी खुलेआम धमकी देते हुए कहा था कि “राहुल गांधी बाज आ जा, नहीं तो आने वाले टाइम में तेरा भी वही हाल होगा जो तेरी दादी का हुआ।” कांग्रेस का आरोप है कि ऐसे गंभीर बयानों के बावजूद आज तक उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया है। अब देखना यह होगा कि इस बार गृह मंत्रालय और बीजेपी नेतृत्व इस मामले पर क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *