रेलवे ने दिया नवरात्रि का बड़ा तोहफा, बिहार को मिली 3 ‘अमृत भारत’ एक्सप्रेस समेत 7 नई ट्रेनें, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, छपरा के यात्रियों को बड़ी राहत

भारतीय रेलवे ने नवरात्रि के पावन पर्व पर बिहार के यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीन अमृत भारत एक्सप्रेस समेत कुल सात नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।

इनमें मुजफ्फरपुर-चरलापल्ली जंक्शन, दरभंगा-मदार जंक्शन और छपरा-आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। इनके अलावा, चार पैसेंजर ट्रेनों का भी शुभारंभ किया गया है।

‘जीएसटी बचत उत्सव’ से जोड़ा रेल विकास

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने संबोधन में बिहार के रेलवे विकास की यात्रा पर प्रकाश डाला और इस सौगात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘जीएसटी बचत उत्सव’ के उपहार से जोड़ा। उन्होंने कहा, “नवरात्रि के पावन पर्व पर पीएम मोदी ने ‘जीएसटी बचत उत्सव’ का उपहार दिया था और अब पीएम मोदी के नेतृत्व में रेलवे में तेजी से काम किया जा रहा है। इसी के तहत बिहार को आज सात नई ट्रेनों की सौगात दी जा रही है।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में तेजी से विकास किया जा रहा है और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में राज्य नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

छठ पूजा के लिए 12,000 स्पेशल ट्रेनें

रेल मंत्री ने बिहार के सबसे बड़े पर्व छठ पूजा को देखते हुए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छठ पूजा के दौरान बिहार के लिए 12,000 विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया गया है। इसके अतिरिक्त, 150 ट्रेनें रिजर्व रखी जाएंगी, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर चलाया जाएगा।”

वैष्णव ने रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों पर जोर देते हुए कहा कि आज बिहार में एक लाख करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट चल रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में 1,899 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत और नमो भारत जैसी कई परियोजनाएं बिहार की अर्थव्यवस्था को गति देंगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *