मर्माहत कर देने वाली घटना! गौरा घाट पर 19-वर्षीय युवक और 2 किशोर नदी में डूबे, पुलिस और गोताखोरों की तलाश जारी

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र में सरयू नदी के गौरा घाट पर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्गा पूजा के लिए कलश भरने गए तीन किशोरों समेत चार लोग नदी में डूब गए। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी है।

पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने एक किशोर को बचाने में सफलता पाई, जबकि दो किशोरों समेत तीन लोग अभी भी लापता हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ गोताखोरों की मदद से तीनों की नदी में तलाश की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

पुलिस ने बताया कि बरहज थाना क्षेत्र के नहछुआ गांव में मां दुर्गा की मूर्ति रखी जा रही है, जिसके लिए गांव के लोग कलश भरने के लिए सुबह करीब 10 बजे बरहज के गौरा स्थित सरयू नदी पर गए थे।

कलश भरने के दौरान गांव के ही विवेक कुमार (19), रणजीत (16), शेखर (15) और गोरखपुर जनपद के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के नई बाजार निवासी गांगुली (15) गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

पुलिस ने बताया कि शोर सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने गांगुली को तो बचा लिया, लेकिन विवेक, रणजीत और शेखर गहरे पानी में डूब गए। तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी गई और बरहज के क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंशुमन श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ पहुंच कर तलाश शुरू की। खबर लिखे जाने तक तीनों का कोई पता नहीं चल पाया है।

सीओ श्रीवास्तव ने पुष्टि की है कि दो किशोर समेत तीन के डूबने की सूचना है और गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *