ट्रेड शो में ‘यूपी का स्वाद’ का जादू! लखनऊ के कबाब से लेकर बनारस के पान तक, ग्रेटर नोएडा में लगी भयंकर भीड़

ग्रेटर नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show) में इस बार सबसे ज्यादा चर्चा अगर किसी चीज़ की हो रही है, तो वह है वहां का फूड कोर्ट! ‘यूपी का स्वाद’ स्टॉल्स पर प्रदेश के कोने-कोने से लाए गए पारंपरिक व्यंजन लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। खाने-पीने के इन अनोखे जायकों ने न सिर्फ आगंतुकों का दिल जीता है, बल्कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध खानपान परंपरा को भी देश और दुनिया के सामने जीवंत कर दिया है।

एक ही जगह पर पूरे प्रदेश का अनोखा जायका

फूड कोर्ट में ऐसा शानदार इंतजाम किया गया है कि एक ही जगह पर पूरे उत्तर प्रदेश का स्वाद चखा जा सके। यहां मुरादाबाद की दाल और बिस्किट रोटी, लखनऊ के मशहूर गालौटी कबाब, टुंडे कबाब और लखनवी बिरयानी मौजूद हैं। इसके अलावा, बनारस का पान, टमाटर चाट और कुल्हड़ वाली चाय लोगों की खास पसंद बने हुए हैं। कानपुर की दही जलेबी और समोसा चाट, आगरा का पेठा और बेडाई, मथुरा का पेड़ा, प्रयागराज की तहरी और लस्सी, गोरखपुर का ठेकुआ और बलिया की लिट्टी-चोखा भी बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित कर रहा है। वहीं, मेरठ की रबड़ी-गजक, अयोध्या की गुजिया और बरेली के आलू टिक्की व सीक कबाब ने मेले की रौनक बढ़ा दी है।

लोकल से ग्लोबल स्वाद की झलक

पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ, डोमिनोज़, सबवे, केएफसी, पिज्जा हट, बर्गर किंग जैसे पॉपुलर क्यूएसआर (Quick Service Restaurants) ब्रांड्स भी मौजूद हैं। वॉव मोमोज़, चायोस और बीकानेरवाला जैसे भारतीय और अंतरराष्ट्रीय स्वाद भी यहां उपलब्ध हैं। इन ब्रांडेड स्टॉल्स पर खासकर युवा वर्ग की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जो इन व्यंजनों का खूब लुत्फ उठा रहे हैं।

ग्रामीण उद्यमियों के हुनर का विशेष आकर्षण

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) की ओर से लगाए गए विशेष फूड स्टॉल भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। इन स्टॉल्स पर ग्रामीण महिलाओं और उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजन उपलब्ध हैं। ये स्टॉल न सिर्फ लज़ीज स्वाद परोस रहे हैं, बल्कि आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण की झलक भी पेश कर रहे हैं।

शाम होते ही ‘खाऊ गली’ में पैर रखने की जगह नहीं

फूड कोर्ट का नजारा ऐसा है मानो पूरा प्रदेश एक छत के नीचे सिमट आया हो। ‘यूपी की खाऊ गली’ सेक्शन में बनारस, कानपुर, लखनऊ, आगरा, गोरखपुर के स्वादिष्ट व्यंजनों के पास शाम होते ही जबरदस्त भीड़ जमा हो जाती है। हर कोई अपने दोस्तों और परिवार के साथ चाट, मिठाई और पेय पदार्थों का आनंद ले रहा है। कुल्हड़ में परोसी गई चाय और मिट्टी के बर्तनों में सजी व्यंजन थाली ने लोगों को पारंपरिक स्वाद का असली अनुभव दिया है। यह फूड कोर्ट उत्तर प्रदेश के असली ‘स्वाद’ और सांस्कृतिक विविधता को दुनिया तक पहुंचा रहा है, जिससे यह कहना गलत नहीं होगा कि “यूपी का स्वाद सचमुच बेमिसाल है।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *