क्या आप भी फ्रिज में रखते हैं गीला हरा प्याज? कर रहे हैं बड़ी गलती, जानें सही तरीका
सूप, सलाद और नूडल्स का जायका बढ़ाने वाला हरा प्याज (Spring Onion) स्वाद में जितना बेहतरीन है, इसे स्टोर करना उतना ही चुनौतीपूर्ण। अक्सर देखा जाता है कि फ्रिज में रखने के बावजूद दो-तीन दिनों के भीतर ही इसकी पत्तियां गलने लगती हैं या सूख जाती हैं। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो कुछ आसान किचन हैक्स के जरिए आप हरे प्याज को लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं।
नमी है सबसे बड़ी दुश्मन: हरे प्याज को स्टोर करते समय सबसे बड़ी गलती उसे धोकर तुरंत फ्रिज में रखना है। नमी के कारण इसकी कोमल पत्तियां बहुत जल्द सड़ने लगती हैं। बाजार से लाने के बाद सबसे पहले इसकी जड़ों से मिट्टी साफ करें। यदि आप इसे धोते हैं, तो सुनिश्चित करें कि स्टोर करने से पहले यह पूरी तरह सूख चुका हो।
स्टोर करने का सही तरीका: हरे प्याज को ताज़ा रखने के लिए ‘पेपर टॉवल’ तकनीक सबसे कारगर है। प्याज की पत्तियों को एक सूखे पेपर टॉवल में लपेटें और फिर इसे एयरटाइट कंटेनर या जिप लॉक बैग में रखकर फ्रिज के वेजिटेबल सेक्शन में रखें। ध्यान रहे कि बैग को पूरी तरह टाइट न करें, हल्की हवा के लिए जगह छोड़ दें। एक अन्य तरीका यह है कि जड़ें काटकर पत्तियों को बारीक काट लें और एक डिब्बे में नीचे-ऊपर पेपर टॉवल लगाकर स्टोर करें। इससे न केवल नमी सोख ली जाएगी, बल्कि खाना बनाते समय आपका समय भी बचेगा।