अभिषेक बनर्जी ने बचाई छात्रा की साल! कैंसर पीड़ित रिश्तेदार की मदद के कारण छूटा था रजिस्ट्रेशन, सांसद की पहल पर मिला एडमिट कार्ड
कोलकाता: डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी एक बार फिर अपने मानवीय कार्यों के लिए चर्चा में हैं। डायमंड हार्बर के नेतड़ा हाईस्कूल की छात्रा अफ्रीदा खातून कैंसर पीड़ित अपनी मौसी के इलाज के लिए मुंबई गई हुई थीं, जिस कारण वह उच्च माध्यमिक परीक्षा का रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाई थीं। बुधवार को जब वह स्कूल पहुंचीं, तो एडमिट कार्ड न मिलने पर टूट गईं।
जैसे ही यह मामला अभिषेक बनर्जी के संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद से संपर्क किया। सांसद के हस्तक्षेप के बाद रिकॉर्ड समय में प्रक्रिया पूरी की गई और बुधवार शाम तक अफ्रीदा को उनका एडमिट कार्ड मिल गया। कल से शुरू हो रही परीक्षा में बैठने का मौका पाकर छात्रा ने अभिषेक बनर्जी और स्कूल प्रशासन का आभार जताया है। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि संकट के समय जनप्रतिनिधि की सक्रियता कैसे किसी का भविष्य संवार सकती है।