रणजी सेमीफाइनल में शमी का कोहराम! ९० रन देकर झटके ८ विकेट, सौरव गांगुली ने चयनकर्ताओं को धोया
मोहम्मद शमी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें ‘मैदान का सुल्तान’ क्यों कहा जाता है। रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ शमी ने घातक गेंदबाजी करते हुए ८ विकेट चटकाए। उनके इस स्पेल की बदौलत बंगाल को पहली पारी में २६ रनों की बढ़त मिली। शमी ने २२.१ ओवर में ९० रन देकर ८ विकेट लिए, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनकी इस उपलब्धि पर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा, “शमी नेशनल टीम के हकदार हैं, उन्हें अब और कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है।”
मैच की स्थिति फिलहाल बेहद रोमांचक है। पहली पारी में ३२८ रन बनाने वाली बंगाल की टीम दूसरी पारी में ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और महज ९९ रन पर ऑल आउट हो गई। अब जम्मू-कश्मीर को जीत के लिए १२६ रनों का लक्ष्य मिला है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू ने २ विकेट खोकर ४३ रन बना लिए हैं। अब बंगाल की पूरी उम्मीदें शमी पर टिकी हैं। अगर कल शमी फिर से जादू चलाते हैं, तो बंगाल फाइनल में पहुंच सकता है, वरना जम्मू-कश्मीर पहली बार इतिहास रच देगा।
हैरानी की बात यह है कि घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन और इस सीजन में ७ मैचों में ३६ विकेट लेने के बावजूद शमी टीम इंडिया से बाहर हैं। बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध से उनका नाम हटाना फैंस को रास नहीं आ रहा है। चयनकर्ताओं की मौजूदगी में शमी के इस प्रदर्शन ने चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या अजीत अगरकर इस प्रदर्शन पर गौर करेंगे?