CPIM में बड़ी बगावत! डायमंड हार्बर में अभिषेक को चुनौती देने वाले प्रतीक-उर अब थामेंगे TMC का दामन?

बंगाल की राजनीति में एक बार फिर ‘खेला’ होने के संकेत मिल रहे हैं। डायमंड हार्बर सीट पर अभिषेक बनर्जी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ने वाले सीपीआईएम के युवा तुर्क प्रतीक-उर रहमान अब अपनी ही पार्टी को अलविदा कहने की तैयारी में हैं। सूत्रों की मानें तो प्रतीक-उर इसी हफ्ते टीएमसी में शामिल हो सकते हैं। उनके इस कदम ने सीपीआईएम नेतृत्व की नींद उड़ा दी है, खासकर उनके द्वारा राज्य सचिव मोहम्मद सलीम को लिखे गए पत्र के बाद, जिसमें उन्होंने मानसिक तनाव और पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
हालांकि, कलतान दासगुप्ता जैसे नेता इसे महज अफवाह बता रहे हैं, लेकिन पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि नाराजगी बहुत गहरी है। पार्टी की ही एक युवा महिला नेता ने दबी जुबान में नेतृत्व की कमियों को उजागर करते हुए कहा, “पार्टी के पास चुनाव लड़ने की कोई पूर्व योजना नहीं होती। अंतिम समय में उम्मीदवारों को ऐसी जगह भेजा जाता है जहाँ उन्हें इलाका समझने में ही वक्त लग जाता है। प्रतीक-उर भी शायद इसी अव्यवस्था का शिकार हुए हैं।”
२०२६ के विधानसभा चुनाव से पहले प्रतीक-उर का जाना लेफ्ट फ्रंट के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। क्या दो दिन बाद होने वाली राज्य कमेटी की बैठक में इस मुद्दे पर कोई समाधान निकलेगा, या प्रतीक-उर ममता बनर्जी की सेना का हिस्सा बनकर नई पारी शुरू करेंगे, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।