NDFF 2026: दिल्ली में बजा बंगाल का डंका! रवींद्रनाथ टैगोर की कहानी ‘भानु’ ने जीते सबसे ज्यादा अवॉर्ड्स

नई दिल्ली फिल्म फेस्टिवल (NDFF) 2026 में बंगाली फिल्म ‘भानु’ ने अपनी सफलता के झंडे गाड़ दिए हैं। विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर के युवा जीवन और उनके ‘भानुसिंह’ बनने के सफर पर आधारित इस फिल्म ने कई श्रेणियों में पुरस्कार जीतकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले अंकित मजूमदार को ‘सर्वश्रेष्ठ अभिनेता’ और अनुष्का चक्रवर्ती को ‘सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री’ के पुरस्कार से नवाजा गया है।
फिल्म में कादंबरी देवी का किरदार निभाने वाली अनुष्का चक्रवर्ती, जो वर्तमान में लोकप्रिय धारावाहिक ‘दादाबोनी’ का हिस्सा हैं, ने इस सम्मान पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा। वहीं, नन्हे टैगोर की भूमिका में नजर आए अंकित मजूमदार ने अपनी सादगी और गहरी एक्टिंग से जूरी का दिल जीत लिया। मजेदार बात यह है कि जब अवॉर्ड की घोषणा हुई, तब अंकित स्कूल में अपनी परीक्षा दे रहे थे। निर्देशक अयांशु बनर्जी को ‘गोल्डन कैमल’ (सर्वश्रेष्ठ निर्देशक) और फिल्म को ‘रेड स्टोन’ (सर्वश्रेष्ठ फिल्म) के खिताब से सम्मानित किया गया। लगभग 600 फिल्मों की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ‘भानु’ की यह जीत बंगाली सिनेमा के लिए गौरव का विषय है।