बंगाल चुनाव से पहले कुलटी में भगदड़! 800 कार्यकर्ताओं के साथ TMC छोड़ BJP में शामिल हुए ‘बुम्बा’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आसनसोल के कुलटी इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर संगठनकर्ता बुम्बा चौधरी ने सत्ताधारी दल को अलविदा कहकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। बुम्बा के साथ उनके लगभग 800 समर्थकों ने भी भाजपा का झंडा थामा, जिससे कुलटी में सत्ताधारी खेमे को करारा झटका लगा है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने बुम्बा चौधरी को पार्टी में शामिल कराया। इस मौके पर केवल तृणमूल ही नहीं, बल्कि माकपा (CPI-M) के नेता बुद्धदेव दत्त भी भाजपा में शामिल हुए। भाजपा का दावा है कि इस बड़े दलबदल से क्षेत्र में पार्टी का संगठन और मजबूत होगा और इसका सीधा असर आगामी चुनावों पर पड़ेगा।
कौन हैं बुम्बा चौधरी? बुम्बा चौधरी की राजनीति की शुरुआत वामपंथी छात्र आंदोलन से हुई थी। बाद में वह कुलटी के पूर्व विधायक उज्ज्वल चटर्जी के करीबी बनकर तृणमूल में शामिल हुए थे। उन्होंने ब्लॉक युवा अध्यक्ष और जिला सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पार्टी नेतृत्व के साथ उनके मतभेद बढ़ गए थे, जिसके कारण उन्होंने यह फैसला लिया।
अस्तित्व की लड़ाई का नारा: भाजपा में शामिल होने के बाद बुम्बा ने कहा, “आज एक हिंदू के रूप में हमारा अस्तित्व संकट में है। अपनी रक्षा के लिए ही हमने यह कदम उठाया है। यह सत्ता की नहीं, बल्कि वजूद की लड़ाई है।” उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इसे महत्वहीन बताते हुए कहा है कि जल्द ही भाजपा के कई बड़े चेहरे उनके साथ आएंगे।