“दशकों में एक सृजन भट्टाचार्य पैदा होता है”, CPIM से बगावत के बाद प्रतीक उर रहमान का बड़ा बयान

पश्चिम बंगाल में वामपंथी राजनीति के उभरते चेहरे प्रतीक उर रहमान और CPIM के बीच का विवाद अब आर-पार की जंग में बदल चुका है। बुधवार को CPIM की राज्य राज्य सचिवमंडल की बैठक में यह तय किया गया कि प्रतीक उर से अब कोई संपर्क नहीं रखा जाएगा। इस बीच, News 18 Bangla को दिए एक विशेष साक्षात्कार में प्रतीक उर ने पार्टी नेतृत्व, खासकर मोहम्मद सलीम पर तीखे प्रहार किए हैं।
सृजन भट्टाचार्य पर क्या बोले प्रतीक? जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके मित्र सृजन भट्टाचार्य भी पार्टी छोड़ेंगे, तो प्रतीक ने कहा, “सृजन ऐसा कभी नहीं करेंगे। वह तीसरी पीढ़ी के कम्युनिस्ट हैं। प्रतीक उर जैसे लोग आपको हर गली में मिल जाएंगे, लेकिन दशकों में एक सृजन पैदा होता है। दुख की बात है कि पार्टी ने उनकी काबिलियत का इस्तेमाल ही नहीं किया।” उन्होंने आरोप लगाया कि उनके, सृजन और दीप्सिता के बीच दरार डालने की कोशिश की गई थी।
मोहम्मद सलीम पर गंभीर आरोप: प्रतीक उर ने दावा किया कि उन्हें डायमंड हार्बर से अभिषेक बनर्जी के खिलाफ इसलिए चुनाव लड़वाया गया ताकि उनका राजनीतिक करियर खत्म किया जा सके। उन्होंने कहा, “मोहम्मद सलीम अपने अहंकार में पार्टी को खत्म कर रहे हैं। वह हुमायूं कबीर से मिल सकते हैं लेकिन अपने ही कार्यकर्ताओं से बात नहीं करते।” भविष्य के सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीति में टिके रहने के लिए उन्हें एक मंच की जरूरत है और सही समय आने पर वह अपने अगले कदम का खुलासा करेंगे।