उत्तर बंगाल में कानून-व्यवस्था पर सवाल: विवाहिता से रेप के बाद जलपाईगुड़ी में तनाव, पुलिस का तलाशी अभियान जारी
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जलपाईगुड़ी सदर ब्लॉक के बोआलमारी नंदनपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ उसके पड़ोसी द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। घटना उस वक्त हुई जब पीड़िता तीस्ता नदी के किनारे अपने मवेशियों को लाने गई थी। निर्जन स्थान का फायदा उठाकर आरोपी युवक ने उस पर हमला किया और वारदात को अंजाम दिया।
इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। पीड़िता के पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी फिलहाल फरार है, लेकिन पुलिस ने पूछताछ के लिए उसकी मां को हिरासत में लिया है। जलपाईगुड़ी महिला पुलिस और कोतवाली थाना पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। कुछ दिन पहले कूचबिहार के मेखलीगंज में भी ऐसी ही घटना हुई थी, जिसके बाद अब जलपाईगुड़ी की इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।