T20 वर्ल्ड कप 2026: सुपर-8 से पहले टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन! इन 2 स्टार खिलाड़ियों का फ्लॉप शो बना सबसे बड़ी कमजोरी

टी-20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज में अजेय रहने के बावजूद भारतीय टीम के लिए सुपर-8 की राह आसान नहीं दिख रही है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया को अब दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे जैसी टीमों का सामना करना है। लेकिन इस महत्वपूर्ण मोड़ पर टीम के दो मुख्य युवा बल्लेबाज—अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा—भारतीय खेमे के लिए सिरदर्द बन गए हैं।
अभिषेक शर्मा का ‘शून्य’ का कहर दुनिया के नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए यह विश्व कप किसी बुरे सपने जैसा रहा है। ग्रुप चरण के तीन मैचों में वह लगातार तीन बार शून्य (0) पर आउट हुए हैं। अमेरिका, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ उनका बल्ला पूरी तरह खामोश रहा। एक विस्फोटक ओपनर के रूप में उनसे जिस धमाकेदार शुरुआत की उम्मीद थी, वह अब तक नदारद है।
तिलक वर्मा की धीमी रफ्तार दूसरी ओर, नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने वाले तिलक वर्मा की समस्या उनकी स्ट्राइक रेट है। उन्होंने 4 पारियों में 106 रन तो बनाए हैं, लेकिन 120.45 की स्ट्राइक रेट से वे टीम को वह गति नहीं दे पा रहे हैं जिसकी जरूरत है। सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसी घातक टीमों के खिलाफ अगर ये दोनों खिलाड़ी जल्द अपनी लय वापस नहीं पाते हैं, तो भारत का खिताब जीतने का सपना खतरे में पड़ सकता है।