उत्तर बंगाल में जीरो पर सिमट जाएगी ममता की पार्टी! नंदीग्राम से शुभेंदु अधिकारी का बड़ा दावा

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट के बीच विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता सरकार पर तीखा हमला बोला है। नंदीग्राम में ‘पाड़ा बैठक’ (मोहल्ला बैठक) को संबोधित करते हुए शुभेंदु ने दावा किया कि उत्तर बंगाल की 54 सीटों में से 45 से अधिक सीटों पर भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “मेरा नाम लिखकर रख लीजिए, मालदा से अलीपुरद्वार तक तृणमूल कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलेगा।”
हाल ही में भाजपा छोड़कर टीएमसी में शामिल हुए विधायक विष्णु प्रसाद शर्मा पर निशाना साधते हुए शुभेंदु ने कहा कि ऐसे ‘अप्रासंगिक’ नेताओं के जाने से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कार्यकर्ताओं को ‘जमीन से जुड़े रहने’ की सलाह दी और कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनना अब बस कुछ ही समय की बात है। नंदीग्राम में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए शुभेंदु अब हर बूथ स्तर पर बैठकें कर रहे हैं, जो सीधे तौर पर सत्ताधारी दल के लिए एक बड़ी चुनौती है।