भांगड़ में टीएमसी बनाम टीएमसी! विधायक शौकत मुल्ला पर ‘सुपारी किलर’ से हत्या कराने का आरोप, पुलिस में शिकायत

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही दक्षिण 24 परगना के भांगड़ में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के भीतर एक बड़ा विस्फोट हुआ है। पार्टी नेता कैसर अहमद ने अपनी ही पार्टी के कद्दावर विधायक शौकत मुल्ला पर उनकी हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। कैसर का दावा है कि शौकत मुल्ला ने उन्हें रास्ते से हटाने के लिए बाहर से ‘सुपारी किलर’ बुलाए हैं।
कैसर अहमद ने पुलिस अधीक्षक और राज्य नेतृत्व को ईमेल भेजकर सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि शौकत मुल्ला ने अपराधियों को पैसे दे दिए हैं और वे भांगड़ के पास ही कहीं छिपे हुए हैं।” दूसरी ओर, विधायक शौकत मुल्ला ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे ‘चुनावी ड्रामा’ करार दिया है। शौकत ने जवाबी हमला करते हुए कहा कि कैसर खुद जमीन के अवैध कारोबार और वित्तीय अनियमितताओं में शामिल हैं और पार्टी की छवि खराब कर रहे हैं। चुनाव से पहले भांगड़ में दो कद्दावर नेताओं के बीच यह जुबानी जंग अब पुलिस की फाइलों तक पहुँच गई है, जिससे पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।