आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी! ISI और बांग्लादेशी मॉड्यूल के 8 संदिग्ध गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश को दहलाने की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। यह आतंकी मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और बांग्लादेश स्थित चरमपंथी संगठनों के संपर्क में था। पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन के तहत तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से इन गिरफ्तारियों को अंजाम दिया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में से छह संदिग्ध—मिज़ानुर रहमान, मोहम्मद सबत, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्ज्वल—तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले में एक कपड़ों की फैक्ट्री में काम कर रहे थे। ये सभी वहां फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाए हुए थे। पुलिस ने सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी पोस्टों की जांच के बाद इन तक पहुंचने में सफलता हासिल की। अन्य दो संदिग्धों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये सभी विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर भारत में किसी बड़े हमले की योजना बना रहे थे। फिलहाल पुलिस इनके डिजिटल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है ताकि इनके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।