भारत को दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम! दिल्ली पुलिस ने बंगाल और तमिलनाडु से 8 आतंकियों को दबोचा
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश की राजधानी को दहलाने की एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और बांग्लादेश स्थित एक कट्टरपंथी संगठन के साथ मिलकर काम कर रहे 8 आतंकियों को तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है। जांचकर्ताओं का मानना है कि ये आतंकी विदेशी आकाओं के इशारे पर भारत में बड़े हमले की योजना बना रहे थे।
तमिलनाडु और बंगाल में छापेमारी: पुलिस ने तमिलनाडु के तिरुपुर जिले की विभिन्न गारमेंट फैक्ट्रियों में छापेमारी कर छह संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनकी पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्ज्वल के रूप में हुई है। वहीं, पश्चिम बंगाल से भी दो अन्य आतंकियों को पकड़ा गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से कुछ बांग्लादेशी नागरिक हैं जो फर्जी आधार कार्ड का उपयोग कर अपनी पहचान छिपा रहे थे।
लाल किला और मंदिर थे निशाने पर: खुफिया एजेंसियों को पहले ही अलर्ट मिला था कि लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) दिल्ली के भीड़भाड़ वाले और ऐतिहासिक स्थानों को निशाना बना सकता है। आतंकियों के रडार पर चांदनी चौक का एक प्रसिद्ध मंदिर और लाल किले के आसपास का इलाका था, जहां वे आईईडी (IED) धमाके करने की तैयारी में थे।
कैसे हुआ खुलासा? दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर ‘फ्री कश्मीर’ के भड़काऊ पोस्टर मिलने के बाद स्पेशल सेल ने जांच तेज की थी। इन पोस्टरों के सुराग ने पुलिस को तमिलनाडु के इस आतंकी मॉड्यूल तक पहुँचाया। तलाशी के दौरान 8 मोबाइल और 16 सिम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस अब इनके वित्तीय स्रोतों और अन्य नेटवर्क की जांच कर रही है।