WC Final का बदला या भारत की बादशाहत? अहमदाबाद में आज महामुकाबला!
टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में आज रविवार को क्रिकेट की दुनिया की दो सबसे बड़ी ताकतें आमने-सामने होंगी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला यह मुकाबला किसी रोमांचक फिल्म से कम नहीं होने वाला है। इसे 2024 के विश्व कप फाइनल का रीमैच माना जा रहा है। जहां दक्षिण अफ्रीका के पास उस हार का बदला लेने का मौका है, वहीं भारतीय टीम अपनी जीत की लय को बरकरार रखते हुए सेमीफाइनल की ओर मजबूती से कदम बढ़ाना चाहेगी।
मैच का समय और प्रसारण भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह हाई-वोल्टेज मैच शाम 7:00 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे किया जाएगा। प्रशंसक इस मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) पर देख सकते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच का लुत्फ उठाने के लिए प्रशंसक जियो हॉटस्टार (Jio Hotstar) ऐप और वेबसाइट पर लॉग-इन कर सकते हैं।
पिच और मौसम का हाल नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच इस बार चर्चा का विषय बनी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, मैच काली मिट्टी की पिच पर खेला जाएगा, जहाँ पिछले मुकाबले में बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा था। हालांकि यह मैदान बड़े स्कोर के लिए जाना जाता है, लेकिन आज गेंदबाजों को अतिरिक्त मदद मिलने की उम्मीद है। रात के समय ओस की भूमिका को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। अहमदाबाद का मौसम बिल्कुल साफ है और तापमान 34 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, यानी बारिश खेल में खलल नहीं डालेगी।
मोहम्मद सिराज की फिटनेस मैच से पहले अभ्यास सत्र के दौरान तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को लेकर भारतीय कैंप में चिंता बढ़ गई थी। हार्दिक पांड्या के एक शॉट से सिराज चोटिल हो गए थे और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा था। हालांकि, बाद में वे वापस नेट पर लौटे और गेंदबाजी की, जिससे संकेत मिलता है कि वे चयन के लिए उपलब्ध हैं। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया अपनी अपराजेय यात्रा को जारी रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। दक्षिण अफ्रीका की टीम क्विंटन डी कॉक और मिलर जैसे खिलाड़ियों के साथ भारत को कड़ी चुनौती देने के लिए कमर कस चुकी है।