भारत दहलाने की साजिश नाकाम! तमिलनाडु से ६ बांग्लादेशी आतंकी गिरफ्तार, ISI से जुड़े हैं तार!
भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने देश के खिलाफ रची गई एक बड़ी साजिश का भंडाफोड़ किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तमिलनाडु के तिरुपुर से छह बांग्लादेशी आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आतंकी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और बांग्लादेश स्थित कट्टरपंथी समूहों के इशारे पर भारत में किसी बड़े आतंकी हमले की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मिज़ानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्ज्वल के रूप में हुई है।
जांच में पता चला है कि ये आतंकी फर्जी पहचान पत्र के सहारे तिरुपुर के गारमेंट उद्योग में काम कर रहे थे ताकि किसी को शक न हो। ये लोग सोशल मीडिया के जरिए भारत विरोधी नफरत फैला रहे थे और सेना के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो साझा कर युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। दिल्ली के कई इलाकों और मेट्रो स्टेशनों पर ‘फ्री कश्मीर’ के पोस्टर लगाने के पीछे भी इसी मॉड्यूल का हाथ बताया जा रहा है।
पुलिस का दावा है कि ये आतंकी केवल प्रचार ही नहीं कर रहे थे, बल्कि देश के महत्वपूर्ण शहरों में आतंकी ठिकानों के लिए रेकी भी कर रहे थे। इनकी गिरफ्तारी के दौरान ८ मोबाइल फोन और १६ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। इन उपकरणों के फॉरेंसिक टेस्ट से कई राज खुलने की उम्मीद है। इस मॉड्यूल के तार खंगालते हुए पुलिस ने पश्चिम बंगाल से भी दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिससे इस नेटवर्क में कुल गिरफ्तारियों की संख्या आठ हो गई है।
सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह क्रॉस-बॉर्डर साजिश भारत के लिए एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि इसमें घुसपैठ, डिजिटल प्रोपेगेंडा और स्लीपर सेल्स का एक जटिल जाल काम कर रहा है। दिल्ली पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन्हें फंडिंग कहां से मिल रही थी और इनका अगला टारगेट क्या था। इस कार्रवाई के बाद पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।