‘अक्षर पटेल को क्यों निकाला?’ टीम इंडिया की हार के बाद भड़के अश्विन, गंभीर के फैसले पर उठाए सवाल!

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-८ मुकाबले में टीम इंडिया की करारी हार ने टीम चयन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। भारत के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने उप-कप्तान अक्षर पटेल को टीम से बाहर रखने के फैसले की कड़ी आलोचना की है। अश्विन का मानना है कि अक्षर जैसे अनुभवी और मैच विनर खिलाड़ी को ड्रॉप करना भारत के लिए महंगा साबित हुआ।
अक्षर की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया था, लेकिन वह न तो गेंदबाजी में और न ही बल्लेबाजी में कोई प्रभाव छोड़ पाए। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में आप बदलाव कर सकते हैं क्योंकि वहां बहुत मैच होते हैं। लेकिन वर्ल्ड कप जैसे आईसीसी इवेंट्स में टीम में स्थिरता होनी चाहिए। सामरिक कारणों (Tactical reasons) से अक्षर को बाहर करना समझ से परे है।”
अश्विन ने २०२४ टी-२० वर्ल्ड कप के फाइनल की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अक्षर ने ही मुश्किल वक्त में टीम को संभाला था। उन्होंने कोच गौतम गंभीर के फैसलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अक्षर टी-२० फॉर्मेट में भारत के सबसे मूल्यवान खिलाड़ी हैं। इस हार के बाद अब भारत के लिए सेमीफाइनल की राह बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई है।