कोलकाता में चुनाव से पहले शूटआउट! 19 साल के युवक को घर से निकाल कर मारी गोलियां, दहल उठा तिलजला

कोलकाता में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार रात बेनियापुकुर थाना अंतर्गत तिलजला इलाके में सरेआम फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। 19 साल के मोहम्मद नियाज को बदमाशों ने निशाना बनाते हुए करीब 5-6 राउंड फायरिंग की। नियाज को गंभीर हालत में एसएसकेएम (SSKM) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके पैरों से तीन गोलियां निकाली गई हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार शाम को एक दुकान के सामने मोहम्मद नियाज और इलाके के पुराने अपराधी मोहम्मद सलमान के बीच बहस हुई थी। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन सलमान ने बदला लेने की ठान ली थी। आरोप है कि रात करीब 1 बजे सलमान अपने साथियों के साथ नियाज के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात के बाद हमलावर स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सलमान एक मोबाइल स्नैचिंग गैंग चलाता है और पुलिस की जानकारी में होने के बावजूद उसके खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती।

कोलकाता में हाल के दिनों में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। काकुलिया रोड की घटना हो या आनंदपुर का उपद्रव, मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। तिलजला की इस घटना ने चुनावी माहौल में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। बेनियापुकुर थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *