डूरंड लाइन पर छिड़ी भीषण जंग! 133 तालिबानी ढेर या 55 पाक सैनिकों की मौत? दावों से मचा हड़कंप!

डूरंड रेखा (Durand Line) को लेकर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब एक पूर्ण सैन्य संघर्ष में बदल गया है। पिछले 24 घंटों में दोनों देशों के बीच शुरू हुई इस झड़प को पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने आधिकारिक तौर पर ‘युद्ध’ घोषित कर दिया है। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर कड़ा संदेश देते हुए कहा, “हमारे धैर्य की सीमा समाप्त हो गई है। अब हमारे पास युद्ध के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।”

पाकिस्तानी सेना ने तालिबान के हमलों के जवाब में ‘गजब लिल हक’ (Gajab Lil Haq) नामक एक बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया है। पाकिस्तान का दावा है कि इस कार्रवाई में अब तक 133 से अधिक तालिबान लड़ाके मारे गए हैं और 200 से अधिक घायल हुए हैं। सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के अनुसार, काबुल, पक्तिया और कंधार में तालिबान के 27 ठिकानों को नष्ट कर दिया गया है और 9 चौकियों पर पाकिस्तानी सेना ने कब्जा कर लिया है।

दूसरी ओर, तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के इन दावों को खारिज करते हुए अपनी जीत का दावा किया है। अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उनके पलटवार में 55 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई है। उन्होंने दावा किया है कि डूरंड रेखा के पास पाकिस्तान की 2 सैन्य चौकियां और 19 पोस्ट अब तालिबान के नियंत्रण में हैं। अफगानिस्तान का आरोप है कि पाकिस्तानी सेना ने पहले अफगान सीमा का उल्लंघन कर निर्दोष महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाया था।

इस युद्ध के बीच ख्वाजा आसिफ ने भारत को घसीटते हुए एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि तालिबान ने अफगानिस्तान को “भारत का उपनिवेश” बना दिया है और वे वहां से आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। फिलहाल, पक्तिका, खोस्त और नंगरहार जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी गोलाबारी जारी है। दोनों देशों के बीच 2611 किलोमीटर लंबी इस सीमा को अफगानिस्तान कभी भी आधिकारिक मान्यता नहीं देता, जो इस खूनी संघर्ष की मुख्य जड़ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *