एक हफ्ते में दूसरी बार सेना में ‘सर्जिकल स्ट्राइक’! ढाका की सत्ता संभालते ही सेना के टॉप पदों पर बड़ा उलटफेर

बांग्लादेश में नई सरकार के गठन के बाद प्रशासनिक ढांचे को बदलने की कवायद तेज हो गई है। महज एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार बांग्लादेश सेना के शीर्ष पदों पर बड़ा फेरबदल किया गया है। चीफ ऑफ जनरल स्टाफ, क्वार्टरमास्टर जनरल और डीजीएफआई (DGFI) प्रमुख जैसे संवेदनशील पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिसे लेकर दक्षिण एशिया की राजनीति में सुगबुगाहट तेज है।

द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल डिफेंस कॉलेज (NDC) के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद शाहीनुल हक को क्वार्टरमास्टर जनरल (QMG) नियुक्त किया गया है। वहीं, पहले इस पद पर रहे लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद फैजुर रहमान को एनडीसी का नया कमांडेंट बनाया गया है। इसके अलावा, सेना मुख्यालय और विभिन्न इन्फैंट्री डिवीजनों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। मेजर जनरल हुसैन अल मुर्शिद को नया एडजुटेंट जनरल बनाया गया है, जबकि मेजर जनरल मोहम्मद हकीमुज्जमां को मिलिट्री इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (MIST) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद कयासर रशीद चौधरी की है, जिन्हें खुफिया विभाग (DGFI) का नया महानिदेशक बनाया गया है। इससे पहले 22 फरवरी को लेफ्टिनेंट जनरल मोईनुर रहमान को चीफ ऑफ जनरल स्टाफ (CGS) बनाया गया था। जानकारों का मानना है कि नई सरकार अपनी पकड़ मजबूत करने और देश की आंतरिक सुरक्षा को नए सिरे से संगठित करने के लिए सेना में ये बदलाव कर रही है। सीमा पर तनाव और बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों के बीच इन नियुक्तियों को बेहद अहम माना जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *